शादियाबाद। स्थानीय बाजार में बृहस्पतिवार को घर से कोर्ट जा रहे अधिवक्ता को पट्टीदारों ने लाठी-डंडे तथा ईंट-पत्थर से मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के दौरान वहां अफरा-तफरी मची रही। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को उपचार के लिए मनिहारी स्थित पीएचसी भेजा, जहां डाक्टरों ने हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल भेज दिया। उधर घायल अधिवक्ता की तहरीर पर चार के खिलाफ केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है।
इलाके के बहरामपुर बसेंवा गांव निवासी अधिवक्ता शंकर यादव (50) न्यायालय जाने के लिए शादियाबाद बाजार में बस का इंतजार कर रहे थे। तभी एक चार पहिया वाहन आकर उनके पास रुका। वाहन से चार लोग उतरकर उन पर ईंट पत्थर और लाठी-डंडे से मारने-पीटने लगे। जब-तक लोग कुछ समझ पाते तब-तक हमलावर वाहन पर सवार होकर फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस घायल को उपचार के लिए मनिहारी स्थित प्राथममिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर आई। जहां हालत गंभीर होने पर डाक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। गंभीर रूप से घायल अधिवक्ता शंकर यादव ने बताया कि सुबह कुछ घरेलू बात को लेकर पट्टीदारों से कहासुनी हुई थी। पीडि़त ने चार पट्टीदारों के खिलाफ पुलिस को नामजद तहरीर दी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी। थानाध्यक्ष शिव प्रसाद वर्मा ने बताया कि मुकदमा दर्जकर कार्रवाई की जा रही है।