खिदिराबाद में पिछले दिनों हत्या कर कुएं में फेंकी गई एक किशोरी का शव बरामद होने के मामले में लोगों ने सोमवार को क्षेत्राधिकारी सदर से मिलकर हत्यारों को गिरफ्तार करने की मांग की।
शिक्षणेतर कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष विवेक सिंह शम्मी के साथ पीड़ित परिवार के लोगों ने सीओ को पत्रक सौंपा। इसमें खिदिराबाद निवासी गिरिजा देवी ने आरोप लगाया कि गांव के तीन लोगों से उसका आए दिन विवाद होता रहता था। तीनों ने कई बार परिवार को जान से मारने और उसकी बेटी को गायब करने की धमकी दी थी। आरोप लगाया कि उसकी पुत्री 19 जून की रात साढ़े नौ बजे घर से गायब हो गई। पूरी रात तलाशने के बाद भी उसका कुछ पता नहीं चला। सुबह गांव के बाहर कुएं में बेटी का शव पाया गया था। कोतवाली में लिखित तहरीर देने के बाद भी हत्या का केस नहीं दर्ज किया गया। सदर सीओ ने पीड़ित परिवार को बताया कि मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है। जांच में दोषी पाए जाने पर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर ग्राम प्रधान हरिवंश प्रजापति, पल्टू यादव, पूर्व प्रधान संग्राम यादव, सुनील कश्यप आदि मौजूद थे। उधर नंदगज थाना क्षेत्र के पहलवानपुर निवासी सखरज राजभर ने दर्जनों ग्रामीणों के साथ पुलिस अधीक्षक वैभव कृष्ण से मुलाकात कर उन्हें पत्रक सौंपा। उन्होंने पत्रक में 22 जून को शादियाबाद थाना के बल्लीपुर में हुई पुत्र मनीष की हत्या के मामले में कार्रवाई की मांग की। उन्होंने अपनी बहू और उसके भाई पर आरोप लगाया है। पुलिस अधीक्षक ने पीड़ित को हत्या के आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया। इस मौके पर देवेंद्र यादव, रिंकू, रमेश भारद्वाज, संतोष तिवारी, प्रमोद राय, मुन्ना, वकील, अरविंद राय, सोनू राय, दीपक मनीष सहित अन्य ग्रामीण मौजूद थे।