शहीद स्मारक इंटर कालेज नंदगंज मूल्यांकन केंद्र पर शुक्रवार को बड़े पैमाने पर अनियमितता पकड़ी गई। केंद्र के पर्यवेक्षक/ राजकीय हाईस्कूल सौरी के प्रधानाचार्य राम अवतार यादव ने निरीक्षण के दौरान जहां एक फर्जी निरीक्षक को पकड़ा, वहीं 12 परीक्षक उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन में गड़बड़ी करते हुए पकड़े गए। जबकि महिला परीक्षक के साथ मौजूद उसके पति द्वारा कापी जांचने पर उसे बाहर कर दिया गया। गड़बड़ी के आरोप में पकड़े गए इन परीक्षकों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई सुनिश्चित की गई है।
जिले में यूपी बोर्ड की उत्त्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन चार मूल्यांकन केंद्रों पर हो रहा है। इसी कड़ी में शुक्रवार को शहीद स्मारक इंटर कालेज नंदगंज में भी उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया जा रहा था। इसी दौरान मूल्यांकन केंद्र पर नियुक्त पर्यवेक्षक राम अवतार यादव ने जांची जा रही उत्तर पुस्तिकाओं को चेक करना शुरू किया तो बड़े पैमाने पर गड़बड़ी पकड़ी गई।
पर्यवेक्षक के मुताबिक एक परीक्षक फर्जी पकड़ा गया, उसे बाहर कर दिया गया जबकि 12 परीक्षक ऐसे पकड़ेे गए जिनके द्वारा उत्तर पुस्तिका के मुख्य पृष्ठ पर कुछ तथा अंदर के पन्नों पर भिन्न अंक दिए गए थे। इन उत्तर पुस्तिकाओं में सही अंक दिलवाया गया। इसी प्रकार एक महिला परीक्षक भी पकड़ी गई जो अपने पति के साथ उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कर रही थी। महिला परीक्षक के पति को बाहर कर दिया गया।
यही नहीं कई उत्तर पुस्तिकाओं को जांचे बिना ही अंक दिए गए थे। पर्यवेक्षक ने बताया कि इस केंद्र पर दो दिनों में अब तक गड़बड़ी करने के आरोप में 25 परीक्षकों से सीसी 25 फार्म भरवाया गया है। ताकि उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन की पारिश्रमिक राशि में 40 फीसदी की कटौती की जा सके। दोबारा गड़बड़ी करने के आरोप में पकड़े गए तो संबंधित परीक्षक को कार्यमुक्त किया जाएगा। इन सभी परीक्षकों से मामलों को गंभीरता से लेते हुए इसकी सूचना क्षेत्रीय कार्यालय को भी उपलब्ध करा दी गई है।