जिलाधिकारी आर्यका अखौरी की अध्यक्षता में कर-करेत्तर एंव मासिक स्टाफ बैठक बुधवार की देर शाम रायफल क्लब सभागार में हुई। जिलाधिकारी ने चकबंदी, व्यापार कर, विद्युत देय, आबकारी, परिवहन, वन विभाग, स्टांप, वाणिज्य कर, नगर पालिका, नगर पंचायत, आडिट आपत्ति, अंश निर्धारण, आईजीआरएस, मोटर देय, खनन, काउंडर फाईल, मंडी समिति, मोटर कर आदि के संबंध में समीक्षा की।
समीक्षा के दौरान आबकारी विभाग की कम राजस्व वसूली पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कारण पूछा और स्पष्टीकरण मांगा । जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि राजस्व प्राप्ति के संबंध में जो विभाग कार्य कर रहे हैं, उनके द्वारा अपने-अपने लक्ष्य को प्रत्येक माह पूर्ण कर उसे अंतिम रूप दिया जाए ताकि सभी विभागों में राजस्व का लक्ष्य पूरा हो सके।
उन्होंने कम राजस्व वसूली वाले विभागों के प्रति नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को अपने लक्ष्य के प्रति प्रत्येक माह कार्य योजना बनाकर मूर्त रूप प्रदान करने को कहा। उन्होंने चेतावनी दी कि जो विभाग अपने राजस्व लक्ष्यों को पूरा नहीं करेंगे उनके विरुद्ध कार्यवाही प्रस्तावित की जाएगी। इसके बाद जिलाधिकारी ने मासिक स्टाफ बैठक में राजस्व विभाग के अधिकारियों के साथ ली।
बैठक में लंबित प्रकरण एवं विवादित प्रकरण, दाखिल खारिज , धारा-24 , धारा-41, विवादित वादों का निस्तारण करने को कहा। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि समस्त अधिकारी राजस्व वसूली का कार्य सर्वोच्च प्राथमिकता के आधार पर करते हुए डिमांड के अनुसार वसूली सुनिश्चित करें। उन्होंने राजस्व वादों के निस्तारण में समीक्षा करते हुए राजस्व वादों के निस्तारण के संबंध में सभी पीठासीन अधिकारियों द्वारा शिकायतों का निस्तारण गुण एवं दोष के आधार पर कार्रवाई करते हुए सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने समस्त उप जिलाधिकारी, तहसीलदार एवं अन्य संबंधित राजस्व अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि राजस्व कार्यों में सभी अधिकारियों द्वारा सरकार की मंशा के अनुरूप चलाए जा रहे प्रत्येक कार्यक्रम में तत्परता दिखाएं ताकि सरकार की राजस्व योजनाओं का लाभ जन सामान्य को आसानी के साथ प्राप्त हो सके।