लग्न शुरू होते ही जिला प्रशासन सामूहिक विवाह कराने की तैयारियों में जुट गया है। इस बार दिसंबर से मार्च तक हर महीने जितने आवेदन आएंगे विभाग उस हिसाब से विवाह कराएगा। शासन की मंशा है कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना का लाभ अधिक से अधिक लाभार्थियों को दिलाया जाए। इसी कड़ी में दो दिसंबर को सामूहिक विवाह योजना के तहत जोड़े वैवाहिक बंधन में बंधेंगे। फिलहाल, इसके लिए आवेदन मंगाए जा रहे हैं।
जिला समाज कल्याण विभाग को कम से कम 700 शादी कराने के लिए बजट मिल गया है। इस लिहाज से 16 ब्लाकों स्तर पर सामूहिक विवाह के लिए अधिक से अधिक आवेदन मंगाया गया है। विभाग के अधिकारियों की मानें तो 700 से अधिक योग्य जोड़े आवेदन करते हैं तो भी उनका विवाह कराया जाएगा।
बहरहाल, पूरे जनपद में 200 लोगों ने आवेदन किया है। 25 नवंबर तक आवेदन करने की अंतिम तिथि है। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना का लाभ लेने के लिए जोड़ों के परिवार की वार्षिक आमदनी दो लाख रुपये से अधिक नहीं होना चाहिए और उनको अविवाहित या तलाकशुदा होना अनिवार्य है। साथ ही लड़की की आयु 18 और लड़के की आयु 21 वर्ष होनी चाहिए।
शासन की ओर से दिसंबर से मार्च के बीच अधिक से अधिक शादी कराने की योजना है। जिला प्रशासन की की ओर से हर महीने तारीख तय किया जाएगा। अगले महीने 2 दिसंबर तारीख तय हुआ है।
रामनगीना यादव, जिला समाज कल्याण अधिकारी