गाजीपुर। करीमुद्दीनपुर में 18 जुलाई की देर शाम युवक को गोली मारने के आरोपी और 25 हजार के इनामी बदमाश को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने घायल युवक के बड़े भाई से विवाद से आक्रोशित होकर घटना को अंजाम दिया था। वाराणसी के ट्रॉमा सेंटर में युवक का इलाज चल रहा है।
एसपी ग्रामीण बलवंत चौधरी ने बताया कि पुलिस क्षेत्र में भ्रमण कर रही थी। सूचना मिलने पर करीमुद्दीनपुर गांव के पास काली माता मंदिर से 25 हजार के इनामी बदमाश और करीमुद्दीनपुर गांव निवासी श्रीधर वर्मा को गिरफ्तार कर लिया गया। उसकी निशानदेही पर पिस्टल भी बरामद किया गया। पूछताछ में उसने बताया कि वह आरओ प्लांट का संचालन करता है। 16 जुलाई को पानी पहुंचाने के दौरान घायल युवक ज्ञानेंद्र राय के बड़े भाई अमित कुमार राय से पानी के जार से लदा बाइक सट जाने को लेकर विवाद हो गया था। इसी को लेकर 18 जुलाई की शाम छह बजे वह अमित कुमार राय के घर पहुंचा। वहां दरवाजे पर बैठे ज्ञानेंद्र राय को पिस्टल से गोली मारकर फरार हो गया था। मामले में अमित कुमार राय ने तहरीर देकर नामजद आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। एसपी ग्रामीण ने बताया कि घायल की हालत खतरे से बाहर है, उसका इलाज ट्राॅमा सेंटर में चल रहा है।