रेवतीपुर। थाना क्षेत्र के नगदिलपुर गांव में चार दिन पहले हुए मारपीट से घायल युवक के मौत के मामले में पुलिस ने बृहस्पतिवार को एक और नामजद किशोर आरोपी को उतरौली चट्टी से गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद उसे बाल सुधार गृह भेज दिया गया। जबकि नामजद तीन आरोपियों को पुलिस 23 जून को गिरफ्तार कर चालान कर चुकी है।20 जून को दो पक्षों में पुरानी रंजीश को लेकर हुई मारपीट में पांच लोग घायल हो गए थे। इसमें गंभीर रूप से घायल अमित तिवारी उर्फ रिंटू की दो दिन पूर्व वाराणसी में इलाज के दौरान मौत हो गई थी। युवक की मौत के बाद पुलिस नामजद चारों आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी। पुलिस ने नामजद आरोपी पीयूष तिवारी, बृजराज तिवारी और चंदन तिवारी को पकड़ी मोड़ से गिरफ्तार कर लिया था। जबकि नामजद चौथा किशोर आरोपी फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी को लेकर स्थानीय पुलिस टीम रातभर संभावित ठिकानों पर दबिश देती रही, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। बृहस्पतिवार की सुबह मुखबिर की सूचना पर उतरौली चट्टी से पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद उसे किशोर न्यायालय में पेश किया गया। थानाध्यक्ष राजेश बहादुर सिंह ने बताया कि गिरफ्तार को बाल सुधार गृह भेज दिया गया।