कोतवाली क्षेत्र के भैंसड़ा गांव स्थित ससुराल आए सेना नायक की बुधवार की देर शाम अचानक चारपाई पर गिर पड़े और उनकी मौत हो गई। वह दो वर्षीय पुत्री काे नाश्ते में से गुड़ से बने सामान को खिलाने का प्रयास कर रहे थे। सुहवल थाना क्षेत्र के भगीरथपुर गांव निवासी नंदकिशोर सिंह यादव (35) सेना में नायक के पद पर झांसी में तैनात थे। बीते 13 अप्रैल को छुट्टी पर घर आए थे।
वह बीते 25 मई को कासिमाबाद थाना क्षेत्र के भैंसड़ा गांव स्थित ससुराल आए थे। बुधवार की देर शाम नाश्ते में गुड़ से बनी लकठा खा रहे थे। चारपाई पर बैठी दो वर्षीय पुत्री को लकठा खिलाने के लिए झुके और चारपाई पर गिर पड़े।
आसपास के लोग उन्हें उठाकर मऊ स्थित एक अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। ग्रामीणों ने आशंका जताई कि जवान की हार्ट अटैक से मौत हुई है।
जवान के मौत की सूचना मिलते ही पिता लालजी यादव भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस को तहरीर देकर शव का पोस्टमार्टम कराने का अनुरोध किया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
परिजनों ने बताया कि सेना के जवान नंदकिशोर सिंह यादव की दो शादी हुई थी। पहली पत्नी से तलाक का मुकदमा चल रहा है। उनकी दूसरी शादी भैंसड़ा गांव में हुई थी। कोतवाल शैलेंद्र कुमार पांडेय ने बताया कि सेना के जवान के पिता के अनुरोध पर शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही मौत का कारण स्पष्ट हो पाएगा।