निर्माणाधीन रौजा ओवरब्रिज के आरीवाल निर्माण में धांधली और खुदाई कार्य को लेकर युवा समाजसेवी विवेक सिंह शम्मी के नेतृत्व में गुरुवार को लोगों ने धरना प्रदर्शन कर विरोध जताया।
कहा कि पूरे प्रकरण की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही आरीवाल के लिए खोदे गए गड्ढों की मिट्टी हटवाकर आवागमन सुचारु किया जाए।
धरना सभा में विवेक सिंह शम्मी ने कहा कि आरीवाल निर्माण के लिए खोदा गया गड्ढा मानक से एक से डेढ़ मीटर ज्यादा है। गड्ढे की मिट्टी ठेकेदार के माध्यम से तीन सौ रुपये प्रति ट्राली के हिसाब से बेची जा रही है।
स्थानीय लोगों ने सेतु निगम के अधिकारियों से इसकी शिकायत की। लेकिन समस्या का समाधान नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि आरीवाल निर्माण कार्य के चलते पूरे शहर में आए दिन जाम लग जाता है।
कहा कि सड़क पर रोजाना कोई न कोई राहगीर गड्ढे में गिर जा रहा है। लेकिन सेतु निगम एवं प्रशासन इस तरफ ध्यान नहीं दे रहा है।
इस अवसर पर दीपक सिंह, सुधीर पांडेय, अभिषेक, आशीष, मिथलेश, रमेश, संतोष, अभिनव, राधे गुप्त, असलम बागी, संतोष कसोधन, मोनू सिंह, सनी गुप्त आदि मौजूद थे।