नंदगज थाना पुलिस द्वारा पकड़ा गया वांछित अभियुक्त।
- फोटो : GHAZIPUR
नंदगंज। व्यापारियों को डरा धमकाकर रंगदारी वसूलने, हत्या के प्रयास एवं गैंगेस्टर के आरोपी बदमाश को पुलिस ने बुधवार को शादियाबाद रेलवे क्रासिंग से गिरफ्तार किया। तलाशी में उसके पास से एक तमंचा और कारतूस बरामद हुए। काफी दिनों से बदमाश को पुलिस तलाश कर रही थी। पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश किया जहां से उसे जेल भेज दिया गया। बहरपुर मनिकपुरा इशोपुर निवासी शातिर बदमाश पुनीत यादव व्यापारियों को डरा-धमकाकर रंगदारी वसूला करता है। बीते नौ सितंबर को उसने स्थानीय रेलवे स्टेशन के मालगोदाम रैक प्वाइंट पर जंगीपुर कृष्णानगर निवासी व्यापारी अमरजीत यादव से रंगदारी मांगने के साथ फायरिंग भी की थी। इससे क्षेत्र में दहशत का माहौल हो गया था। तभी से पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी। बुधवार को पुलिस को मुखबिर से मिली कि शादियाबाद रेलवे क्रासिंग के पास पुनीत यादव मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर उसे दबोचा। गिरफ्तार करने वाली टीम में थानाध्यक्ष सत्येंद्र राय, उपनिरीक्षक सुरेंद्र सिंह, उपनिरीक्षक शिवपूजन बिंद, धर्मेंद्र कुमार, अर्जुन कुमार शामिल थे। थानाध्यक्ष सत्येंद्र राय ने बताया कि शातिर बदमाश पुनीत यादव को पुलिस लंबे समय से तलाश कर रही थी। उससे पूछताछ करने के बाद उसे कोर्ट में पेश किया गया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया।