शहर के अष्टभूजी कॉलोनी स्थित आवास में लोगों के साथ बैठे मृतक विनीत राय के पिता आलोक राय। संवाद
- फोटो : महसी के किलोमीटर संख्या 49 पर बन रहा स्पर।
गाजीपुर। अंशुमान हत्याकांड में कटरा गैंग के सरगना शंकर पांडेय के खिलाफ अपर सत्र न्यायाधीश शक्ति सिंह की अदालत ने बृहस्पतिवार को गैर जमानती वारंट जारी किया है। न्यायालय ने सदर कोतवाली प्रभारी को निर्देश दिया है कि आरोपी को गिरफ्तार कर 25 जून तक अदालत में पेश किया जाए।
बृहस्पतिवार को मामले की सुनवाई के दौरान एक आरोपी न्यायालय में उपस्थित हुआ, जबकि शंकर पांडेय पेश नहीं हुआ। इस पर अभियोजन पक्ष ने अदालत को बताया कि शंकर पांडेय एक वांछित और इनामी अपराधी है, जिस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित है। अभियोजन पक्ष की दलीलों और न्यायालय में प्रस्तुत अभिलेखों पर विचार करने के बाद अदालत ने शंकर पांडेय के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी कर दिया। साथ ही सदर कोतवाली प्रभारी को निर्देशित किया कि आरोपी को गिरफ्तार कर निर्धारित तिथि तक न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जाए।
मार्च 2020 में हुई थी अंशुमान की हत्या
अंशुमान हत्याकांड मार्च 2020 में सामने आया था। रेवतीपुर थाना क्षेत्र के उतरौली गांव निवासी अंशुमान सिंह को फोन कर शहर कोतवाली क्षेत्र के सकलेनाबाद स्थित शाह जुनैद पीर दरगाह के पास बुलाया गया था। आरोप है कि वहां पहले से मौजूद लोगों ने उन पर लाठी-डंडों से हमला किया और चाकू से गोदकर उनकी हत्या कर दी थी। घटना के बाद पुलिस ने चार नामजद और सात अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। जांच के दौरान पुलिस ने मुख्य आरोपियों समेत कई लोगों को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त चाकू भी बरामद किया था। शंकर पांडेय का नाम जिले के कई चर्चित आपराधिक मामलों में सामने आता रहा है। हाल के दिनों में वह विनीत राय हत्याकांड की जांच के दौरान भी चर्चा में रहा है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश देने का दावा कर रही है, लेकिन अब तक वह गिरफ्त से बाहर है, लेकिन न्यायालय के गैर जमानती वारंट जारी करने के बाद पुलिस पर उसकी गिरफ्तारी का दबाव और बढ़ गया है।