नंदगंज थाना क्षेत्र के गांव में एक युवक का कोरोना पाजिटिव मिलने के बाद मौके पर पहुचे जिलाधिकारी ओ
- फोटो : GHAZIPUR
गाजीपुर। जिले के नंदगंज थाना क्षेत्र के खिदिरपुर गांव में एक युवक शनिवार को कोरोना पाजिटिव मिला है। इसके साथ कोरोना मरीजों की संख्या बढ़कर सात तक पहुंच चुकी है। जबकि पहले मिले छह कोरोना संक्रमितों ठीक होकर वाराणसी से यहां आ चुके हैं। देखा जाए तो 19 दिन पहले नगर की एक महिला कोरोना पाजिटिव मिली थी। लंबे अंतराल तक कोई मरीज न मिलने से लोग राहत की सांस ले रहे थे कि शनिवार को एक और कोरोना पाजिटिव मरीज के मिलने से सबकी नींद उड़ गई है। यह युवक तीन मई 2020 को मुंबई से बाइक चलाकर अपने घर आया था। सूचना मिलते ही पांच मई को इसकी सैंपलिंग कराई गई। इसके बाद शनिवार को इसकी जांच रिपोर्ट कोरोना पाजिटिव आई है। जिलाधिकारी ओमप्रकाश आर्य, पुलिस कप्तान डा. ओमप्रकाश सिंह तथा सीएमओ डा. जीसी मौर्य के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव में पहुंच गई।
जिलाधिकारी ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि कोरोना पाजिटिव युवक मुंबई से यहां आया है। रिपोर्ट आने के बाद इसे इलाज के लिए वाराणसी भेजा जा रहा है। जबकि उसके पूरे परिवार तथा संपर्क में आए लोगों की जांच और सैंपलिंग कराई जाएगी। सभी को रेलवे ट्रेनिंग सेंटर में क्वारंटीन किया जाएगा। सभी का सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा जाएगा। जिलाधिकारी तथा पुलिस कप्तान के निर्देश पर खिजिरपुर गांव तथा आसपास के इलाके को चारो तरफ से सील कर दिया गया है। लोगों के बाहर जाने और आने पर भी पूरी पाबंदी लगा दी गई है। इसके साथ ही पूरे गांव के लोगों की सैंपलिंग करने और सैनिटाइज करने का निर्देश दिया गया है। कोरोना पाजिटिव मिलने के बाद गांव को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है। स्वास्थ्य विभाग की माने तो बीते 14 मार्च को दिल्ली के निजामुद्दीन स्थित तबलीगी जमात के मरकज में शामिल होकर 14 जमाती गाजीपुर लौटे थे। इनकी जांच कराने के बाद तीन अप्रैल को पहला कोरोना का पाजिटिव मरीज यहां मिला था। इसके बाद पांच अप्रैल को चार और जमातियों की रिपोर्ट पाजिटिव आने पर कोरोना मरीजों की संख्या जनपद में पांच हो गई थी। जिसमें से दो दिलदारनगर के भी मरीज शामिल थे। जिला प्रशासन ने शहर में चार तथा दिलदारनगर में दो हाट स्पाट सेंटर बनाकर नगर पंचायत दिलदारनगर तथा शहर को बंद करा दिया था। कुछ दिनों तक मामला शांत रहा, फिर अचानक 20 अप्रैल को शहर की एक महिला कोरोना पॉजिटिव मिल गई। महिला के पति जिलाधिकारी कार्यालय में लिपिक हैं। उसी समय महिला को उपचार के लिए वाराणसी के दीनदयाल अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। 12 मई को जनपद ग्रीन जोन में जाने वाला था। इसी बीच शनिवार को नंदगंज के खिदिरपुर गांव में मुंबई से आए एक युवक में कोरोना पाजिटिव मिलने के बाद एक बार फिर जनपदवासी भयभीत हो गए हैं। युवक को इलाज के लिए वाराणसी दीनदयाल हास्पिटल में भर्ती करा दिया गया है।