थाना क्षेत्र के बक्सा गांव के बाहर गांगी नदी में डूबने से सोमवार की देर शाम पशुपालक की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इधर मौत के बाद परिजन रोने-बिलखने लगे। बक्सा गांव निवासी ओम प्रकाश सिंह यादव (43) भैंस को गांगी नदी के किनारे ले गए थे। भैंसें पानी पीते-पीते नदी में उतर गईं। काफी देर तक उसके बाहर नहीं आने पर पशु पालक उसे बाहर निकालने का प्रयास करने लगा, लेकिन कामयाब नहीं हुआ। भैसों को निकालने का प्रयास करने के दौरान उसकापैर फिसल गया, जिससे वह गहरे पानी में चले गया। उधर, नदी किनारे बैठे अन्य लोग पशु पालक को डूबता देख शोर मचाने लगे। आवाज सुनकर परिजन और ग्रामीण घटना स्थल पर पहुंच गए। मशक्कत के बाद पशु पालक को नदी से बाहर निकाला गया। जब-तक उसे उपचार के लिए परिवार के सदस्य कहीं ले जाते उसकी मौत हो चुकी थी। इधर शव घर पहुंचते ही परिवार की महिलाएं रोने-बिलखने लगी। पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।