सैदपुर कोतवाली के बिशुनपुर गांव में सोमवार की देर रात जमीन हड़पने के चक्कर में सगे चाचा ने अपनी भतीजी के आंखों में लाल मिर्च का पाउडर डालकर उसे पीटा। जिससे वह घायल हो गई। उसके शोर मचाने पर आस-पास के लोगों ने किसी तरह उसे बचाया और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने पीड़िता को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा और उसकी दी गई तहरीर पर चाचा समेत दो के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। गांव निवासी दीपा पांडेय उर्फ खुशबू के पिता सुजीत पांडेय की सात वर्ष पूर्व मौत हो गई थी। पीड़िता की मां मंजू पांडेय, भाई विशाल एवं विकास पांडेय के साथ झारखंड के टाटा नगर में रहती थी। 15 दिन पूर्व दादा रामदुलारे पांडेय के निधन की सूचना पर दीपा अपने भाई विशाल के साथ बिशुनपुर गांव आई थी। दीपा ने पुलिस को बताया कि देर शाम उसके चाचा जीतू पांडेय ने जमीन हड़पने की नियत से उसकी आंखों में लाल मिर्च का पाउडर डाला और से मारने पीटने लगे। किसी तरह वह कमरे से बाहर निकली और चिल्लाने लगी। आवाज सुनकर पास-पड़ोस के लोग और ग्रामीणों की भीड़ दरवाजे पर जुट गई। यह देख आरोपी चाचा भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन इस दौरान पहुंची डायल 112 की पुलिस उन्हें हिरासत में लेकर कोतवाली आई। पूछताछ के बाद दीपा को पुलिस ने मंगलवार को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा। रिपोर्ट आने के बाद पुलिस ने तहरीर पर आरोपी चाचा सहित दो के खिलाफ मुकदमा दर्जकर छानबीन शुरू कर दी। सीओ सैदपुर बीएस बीर सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में है। आरोपी को गिरफ्तार कर छानबीन की जा रही है।