विद्युत तार की मरम्मत के लिए करीब दस बजे शट डाउन न देने पर कुछ युवक प्रकाशनगर उपकेंद्र पहुंच गए और ड्यूटी पर तैनात एसएसओ मनोज कुमार श्रीवास्तव की पिटाई कर दी। घटना से नाराज एसएसओ ने उपकेंद्र से संबंधित सभी फीडरों की बिजली आपूर्ति ठप कर दिया। करीब दो घंटा तक बत्ती गुल रहने से शहरवासियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। इस मामले में एसएसओ ने तीन लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है।
रविवार की रात उपकेंद्र पर तैनात सब स्टेशन आफिसर ने बताया कि वह रात में ड्यूटी पर तैनात था। इसी दौरान रात करीब साढ़े नौ बजे तीन लोग उपकेंद्र पर पहुंचे और बिजली ठीक करने के लिए पुलिस लाइन नंबर-एक का शेट डाउन लेने के लिए दबाव बनाने लगे। शट डाउन न देने पर गाली-गलौज करते हुए वह वहां से चले गए। करीब आधा घंटे बाद तीनों लोग वापस उपकेंद्र पर आए और गालियां देते हुए, लोहे के राड से उसके पैर पर हमला कर दिया, जिससे कर्मचारी घायल हो गया।
उसने गुस्से में उपकेंद्र से संबंधित सभी फीडरों की आपूर्ति ठप कर कोतवाली पहुंच गया। उसका जिला अस्पताल में उपचार कराया गया। एसएसओ ने बताया कि इस मामले में पंकज यादव, प्रदीप कुशवाहा और राकेश कुशवाहा के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराया है।रात में करीब दो घंटा तक आपूर्ति ठप होने पर लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। सदर कोतवाल के कहने पर एसएसओ द्वारा रात के करीब 12 बजे आपूर्ति सुचारु करने पर लोगों ने राहत की सास ली।
इस संबंध में सदर कोतवाली प्रभारी प्रशांत कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि तहरीर के आधार पर तीन के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी कर ली जाएगी।