गाजीपुर। आंगनबाड़ी कर्मचारी और सहायिका एसोसिएशन के बैनर तले मांगों को लेकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं का आरटीआई परिसर में बेमियादी धरना पांचवे दिन सोमवार को भी जारी रहा। इस मौके पर एसोसिएशन की जिलाध्यक्ष रेखा पासवान ने कहा कि प्रदेश के आह्वान पर काम बंद कलम बंद हड़ताल प्रदेश के प्रत्येक जिले में चल रहा है। सरकार लगातार मांगों को अनदेखी कर रही है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता 14 दिसंबर को भारी से भारी संख्या में लखनऊ पहुुंचेंगी और मानदेय की लड़ाई आर-पार करेंगी। जिला संरक्षक सूरज प्रताप सिंह ने कहा कि एक मजदूर की दैनिक मजदूरी 400 रुपये हैं। वहीं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की मजदूरी 150 रुपये हैं। जबकि आंगनबाड़ी से विभाग के साथ अन्य विभागीय कार्य जो सरकार की मुख्य योजना होती हैं उसको भी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से ही कराया जाता है। फिर भी सरकार इनकी तरफ थोड़ा भी ध्यान नहीं दे रही है। जिला महामंत्री अंजू चतुर्वेदी ने कहा कि जनपद की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता मानदेय की मांग को लेकर लखनऊ पहुंचे। इस मौके पर सविता, संयोगिता, सुनीता, शिला, संजू यादव, गीता, रीता, नाजनीन, रेखा, सगुन भारती, आदि कार्यकर्ता मौजूद रही।