गाजीपुर। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में रविवार को सड़क हादसे में वृद्ध सहित दो लोगों की मौत हो गई। तलवलमोड़ के पास अज्ञात वाहन के धक्के से भुवाल बिंद (65) और सैदपुर के सिंहपुर के पास नीलगाय से टकराकर बाइक सवार अमन कुमार (19) की मौत हो गई। पुलिस मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई में जुटी हुई है।
नंदगंज : शहर कोतवाली के अमादपुर गांव निवासी भुवाल बिंद सुबह 9 बजे पैदल ही महाराजगंज बाजार जा रहे थे। तलवल मोड़ पावर हाउस के पास वाराणसी से गाजीपुर जा रहे अज्ञात वाहन पीछे से धक्का मार दिया।
हादसे में वृद्ध सड़क पर गिरकर गंभीर रुप से घायल हो गए। मेडिकल कॉलेज अस्पताल के डॉक्टरों ने भुवाल बिंद को मृत घोषित कर दिया।
कोतवाल दीनदयाल पांडेय ने बताया कि मृतक का पुत्र पुनवासी बिंद ने अज्ञात वाहन के खिलाफ तहरीर दी है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। औड़िहार : सैदपुर कोतवाली के धरम्मरपुर निवासी अमन कुमार बाइक पर गोल्डी कुमार बैठाकर बाजार जा रहे थे। सिंहपुर के सामने सड़क के बीचो- बीच अचानक नीलगाय आ गई, जिससे टकराकर अमन कुमार और गोल्डी कुमार घायल हो गए।
बाइक चला रहा अमन कुमार हेलमेट नहीं लगाया था, जिससे उसे सिर में गंभीर चोट आई। सैदपुर सीएचसी के डॉक्टर ने अमन को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर स्थिति देख गोल्डी कुमार वाराणसी रेफर कर दिया। सैदपुर कोतवाल योगेंद्र सिंह ने बताया कि पंचनामा कर शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया है।