दुल्लहपुर। चुरामनपुर-हमिद मार्ग पर हुए सड़क हादसे में घायल हुए बुजुर्ग की इलाज के दौरान मौत हो गई। गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर गाजीपुर-आजमगढ़ स्टेट हाईवे पर 30 मिनट तक चक्का जाम कर दिया।
मेहदीपुर गांव निवासी ओमप्रकाश राम (50) बीते 18 मार्च की रात घर से खाना लेकर चुरामनपुर स्थित मुर्गी फार्म पर सोने के लिए पैदल जा रहे थे। इसी बीच तेज रफ्तार बाइक सवार ने उन्हें टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद गंभीर रूप से घायल ओमप्रकाश राम को परिजनों ने आजमगढ़ के चक्रपानपुर पीजीआई अस्पताल में भर्ती कराया था। जहां सोमवार की शाम इलाज के दौरान घायल की मौत हो गई।
मृतक के बेटे सुनील कुमार समेत दर्जनों की संख्या में ग्रामीण थाना पहुंचकर आरोपी के खिलाफ नामजद तहरीर देकर गिरफ्तारी की मांग की।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी। पर, आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर लोग थाने के ही सामने चुरामनपुर-हमिद राज्य मार्ग पर सात बजे से चक्का जाम कर दिया।
एसओ केपी सिंह के समझाने के बाद लोगों ने आधे घंटे बाद साढ़े सात बजे चक्का जाम खत्म किया।