शहर के लंका मैदान में मेरी माटी मेरा देश कार्यक्रम के समापन समारोह में बृहस्पतिवार को जिलाधिकारी ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि जिले के सभी विकासखण्डों, नगर पालिका-नगर पंचायतों के प्रत्येक घर से एकत्र किए गए चावल के दाने एवं मिट्टी के कण 24 कलश में एकत्रित कर रखे गए हैं जो 27 अक्तूबर को चयनित दल द्वारा लंका मैदान से लखनऊ और लखनऊ से फिर दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे। दिल्ली में पूरे देश के जिलों से इकट्ठा किए गए कलश से एक अमृत वाटिका का निर्माण होगा।
कार्यक्रम में नगर पालिकाध्यक्ष सरिता अग्रवाल ने कहा कि मेरी माटी मेरा देश कार्यक्रम से जन-जन का जुड़ाव हुआ है। भाजपा के जिलाध्यक्ष सुनील सिंह ने कहा कि प्रत्येक गांव से एकत्र माटी दिल्ली में निर्माणाधीन अमृत वाटिका में डाली जाएगी ताकि देश के कोने-कोने से इसको देखने आने वाले लोगों के मन में वीरों के प्रति श्रद्धाभाव उत्पन्न हो सके। इस अवसर पर संस्कृति विभाग के कलाकार राकेश सिंह यादव ने सांस्कृतिक कार्यक्रम, सलटू राम की टीम ने धोबऊ नृत्य एवं लूर्दस कान्वेंट बालिका इंटर कालेज की छात्राओं ने रंगारंग कार्यक्रम एवं देशभक्ति गीत प्रस्तुत किया। इस दौरान स्वतंत्रता सग्राम सेनानियों-शहीदों के परिजनों को अंगवस्त्रम एवं प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। जमानिया संवाददाता के अनुसार विकासखंड कार्यालय परिसर से ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि संतोष कुशवाहा और नगर पालिका परिषद के परिसर से उपजिलाधिकारी डा. हर्षिता तिवारी ने हरी झंडी दिखाकर मेरी माटी मेरा देश कलश यात्रा को जिला मुख्यालय की ओर रवाना किया। इस अवसर पर चेयरमैन जयप्रकाश गुप्ता, बीडीओ यशवंत कुमार राव, एडीओ पंचायत अरुण कुमार आदि मौजूद थे।
रेवतीपुर : अमृत कलश यात्रा को दिल्ली के लिए ब्लाक प्रमुख अजिताभ राय राहुल एवं सहायक विकास अधिकारी पंचायत अशोक यादव ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान प्रभारी बीडीओ अक्षय कुमार मौर्य, विजयशंकर राय आदि मौजूद थे। भांवरकोल : अमृत कलश को जिला मुख्यालय पहुंचाने के लिए गाजे-बाजे के साथ ब्लॉक मुख्यालय से रैली के रूप में कलश यात्रा निकाली गई। जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि अनिल कुमार राय, दुर्गा प्रसाद राय, भाजपा मंडल अध्यक्ष सतीश राय, शशांक राय तथा विनोद राय ने झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर खंड विकास अधिकारी आरके यादव आदि मौजूद थे। दुल्लहपुर : कलश यात्रा जिले के लिए रवाना की गई। इस मौके पर तहसीलदार ध्रुवेश सिंह, एडीओ पंचायत राजकमल गौरव, अजीत सिंह, झुन्ना सिंह आदि उपस्थित थे।