मऊ-ताड़ीघाट रेल लाइन पर गंगा पर हमीद सेतु के पश्चिम तरफ पुल बनाया जाएगा। इस दुमंजिला पुल पर ट्रेन के साथ-साथ सड़क परिवहन भी होगा। गंगा पर रेल कम रोड ब्रिज के लिए शनिवार को रेलवे विकास निगम लिमिटेड (आरवीएनएल) की टीम ने पुल के लिए सर्वेक्षण किया।
टीम ने सिटी रेलवे स्टेशन, झिंगुर पट्टी, घाट रेलवे स्टेशन, हमीद सेतु होते ताड़ीघाट रेलवे स्टेशन तक निरीक्षण किया। प्रस्तावित नक्शे को लेकर टीम के सदस्य घंटों मंत्रणा करने के बाद हमीद सेतु को भी देखा और उसके विस्तार के बारे में मंत्रणा की।
रेल ट्रैक कम रोड रोड ब्रिज निर्माण के लिए आरवीएनएल, स्काईलार्क एंड डिजाइनिंग टीम अब काम को अंतिम रूप दे रही है। मृदा परीक्षण किया जा रहा है, जिसके लिए 18 स्थानों पर मशीनें लगाई गई हैं। दो रूटों को ध्यान में रखकर टीम काम कर रही है।
इसमें से एक मार्ग सिटी रेलवे स्टेशन, झिंगुरपट्टी, घाट स्टेशन, हमीद सेतु के पश्चिम से ताड़ीघाट रेलवे स्टेशन के बगल से मेदनीपुर होते सोनवल तक का मार्ग है, जिसकी लंबाई छह किलोमीटर है।
दूसरे संम्भावित रूट में सीधे घाट रेलवे स्टेशन से बवाड़ा गांव के पश्चिम सुजानपुर, सुहवल थाना, कोल्ड स्टोरेज से लगभग 400 मीटर पश्चिम रमवल व मिर्जापुर होते सोनवल हाल्ट तक मिलाने का प्रस्ताव है। इसकी लंबाई लगभग साढ़े आठ किमी है।
हमीद सेतु के पश्चिम तरफ पुल बनाने पर उसकी लंबाई 1500 मीटर होगी जबकि बवाड़ा के पास लंबाई 1800 मीटर के करीब होगी। सर्वे टीम में आरआर जरूहार, एमडी ब्रिज निगम बागेश्वरी प्रसाद, डायरेक्टर रेल विकास निगम विजय आनंद, कार्यकारी निदेशक पीके सिंह, सीएओ पूर्व रेलवे एलएम झा, विकास चंद्रा, अजय कुमार, एसएन सिंह, सर्वेयर अजय राय मौजूद रहे। नए रेल खंड के निर्माण से कौन से क्षेत्र प्रभावित होंगे। इसका ध्यान रखा जा रहा है। रिहायशी इलाके, बाजार आदि का नक्शा तैयार किया जा रहा है।