गाजीपुर। जिले के सभी तहसील और जिला अस्पताल के लिए कुल 10 एंबुलेंस और एक एएलएस एंबुलेंस को आरक्षित कर दिया गया है। 108 एंबुलेंस के नोडल और एसीएमओ डा. डीपी सिन्हा ने बताया कि शासन द्वारा पत्र विभाग को आया था। इसमें जिले में कुल 108 एंबुलेंस सेवा का 50 फीसदी कोविड-19 रोगियों के लिए आरक्षित करने का निर्देश प्राप्त हुआ था। जिले में उपलब्ध 108 एंबुलेंस जिनकी संख्या 37 है, उसके सापेक्ष 10 डेडीकेटेड कोविड-19 एंबुलेंस तथा एक एएलएस एंबुलेंस आरक्षित करते हुए सभी तहसील मुख्यालय पर भेज दिया गया है और उनके मोबाइल नंबर भी सार्वजनिक कर दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि जिले में लगातार निकल रहे पॉजिटिव मरीजों की संख्या को देखते हुए जिन मरीजों की हालत ठीक है, उन्हें होम आइसोलेट किया गया है। वहीं जिन मरीजों की हालत ठीक नहीं है उन मरीजों को इन एंबुलेंस के माध्यम से जिला अस्पताल के एल-2 हास्पिटल या फिर हालत ज्यादा खराब होने पर वाराणसी बीएचयू के लिए रेफर किया जाएगा। एंबुलेंस सेवा के प्रभारी गौरव 9415557977, पवन 8840862834, दीपक 7235008284 और अखंड 7235000552 का मोबाइल नंबर भी सार्वजनिक करते हुए बताया कि विशेष परिस्थितियों में इन लोगों से भी संपर्क कर 108 एंबुलेंस की सुविधा प्राप्त की जा सकती है।