मरदह। ब्लाॅक के बसवारी गांव में विधायक निधि से लोकनिर्माण विभाग खंड-3 की ओर से 71 लाख की लागत से बनवाई जा रही 1100 मीटर सड़क में मानकों का ध्यान नहीं रखने का ग्रामीणों ने आरोप लगाया है। निर्माणाधीन सड़क में मनमानी से ग्रामीणो में आक्रोश है। गांव के लोगों ने बताया कि काफी दिन पहले गिट्टी गिरवाकर ठेकेदार ने छोड़ दी थी। बिना रोलर चलाए ही बेतरतीब बिखरी गिट्टियों पर बिना भस्सी डाले मानक से कम मात्रा में तारकोल डालकर सड़क का निर्माण घटिया तरीके से की जा रही है। गिट्टी समतल कर पानी डालकर उसकी कुटाई करना तो दूर रोलर भी नहीं ही चलाया गया है। सड़क बनाने में इस्तेमाल निर्माण सामाग्री की गुणवत्ता खराब है। निर्माण स्थल पर आज तक न तो संबंधित जेई आए न ही एई। ठेकेदार मनमाने ढंग से काम करवा रहा है। ग्रामीणों के कई बार टोकने के बाद भी ठेकेदार की मनमानी नहीं रूक रही। इससे आक्रोशित ग्रामीणों ने लोकनिर्माण विभाग के संबंधित अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस अवसर पर घूरा राजभर, पतिराम राजभर, नंदू राजभर, जोगेश, कन्हैया आदि मौजूद रहे।
इनसेट
घटिया काम करने पर ठेकेदार का भुगतान रोकेंगे
जेई सुरेंद्र प्रताप गड़बड़ी की शिकायत मिलने पर मौके पर पहुंच जांच की गई है। ठेकेदार को सही ढंग से कार्य करने की चेतावनी दी गई है। एई कृष्ण मुरारी ने बताया कि शिकायत मिलने पर जेई को भेजा गया है। अगर मानक अनुसार कार्य नहीं होगा तो ठेकेदार को भुगतान नहीं करेंगे।