कलेक्ट्रेट में डीएम से मिलने जाते देवकली ब्लॉक के धरीकला के ग्रामीण-स्रोत-ग्रामीण
गाजीपुर। देवकली ब्लॉक के धरीकला के ग्रामीणों ने सोमवार को डीएम अनुपम शुक्ला को पत्रक सौंपा। पत्रक के माध्यम से उन्होंने कहा कि पंचायत चुनाव के निर्वाचक नामावली से 139 मतदाताओं का नाम काट दिया गया है। इसके कारण 139 लोग मताधिकार से वंचित हो गए हैं।
ग्रामीणों ने डीएम से कहा कि वर्ष 2021 की मतदाता सूची में कुल 954 मतदाता थे। वर्ष 2026 की मतदाता सूची में बीएलओ द्वारा सर्वे के दौरान कुल 1041 मतदाता पाए गए। बीएलओ की ओर से अप्रैल 2026 में डुप्लीकेट सूची जारी की गई, जिसमें 438 मतदाता पाए गए।
आधार का मिलान न होने के कारण नौ मतदाताओं का नाम कट गया। 429 मतदाता सही पाए गए। इसके बाद बीएलओ की ओर से डी डुप्लीकेट सूची मई 2026 में 455 लोगों की जारी की गई। आधार का मिलान न होने के कारण 11 लोगों का नाम कट गया। 444 मतदाता सही पाए गए, जिसकी सूची संबंधित बीएलओ द्वारा सत्यापित करके ब्लॉक पर एडीओ पंचायत को उपलब्ध कराई गई।
ब्लॉक के कर्मचारियों द्वारा गांव के कुछ लोगों के प्रभाव में आकर मतदाता सूची से और 139 लोगों का नाम डिलिट कर दिया गया। इसलिए मतदाता की सूची की जांच कराकर कटे हुए नामों को दोबारा सूची में शामिल करने की मांग की गई।
डीएम की ओर से मतदाता सूची की जांच कराने का आश्वासन दिया गया। इस मौके पर पंकज सिंह, बहादुर विश्वकर्मा, प्रेम सिंह, हरिकांत, राधेश्याम आदि मौजूद रहे।