अहिरौली गांव निवासी मृतक राकेश खरवार की फाइल फोटो। स्रोत- परिजन
मुहम्मदाबाद। बिहार के कोचस में एक तिलकोत्सव कार्यक्रम से लौट रहे बाइक सवार अहिरौली गांव निवासी राकेश खरवार (30) की सड़क हादसे में मौत हो गई। शनिवार रात जलहरा गांव स्थित एक बैंक के सामने से आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी। पोस्टमार्टम के बाद रविवार को शव पैतृक गांव आया।
अहिरौली गांव निवासी हरिकेश खरवार ने बताया कि बड़े भाई राकेश खरवार बिहार के कोचस में अपने मित्र के तिलकोत्सव कार्यक्रम में गए थे। वह रात करीब 10 बजे बाइक से लौट रहे थे। जलहरा गांव स्थित एक बैंक के पास सामने से आ रहे ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर भाग गया। घायल राकेश को बक्सर सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर परिजन बक्सर पहुंचे। पोस्टमार्टम के बाद हादसे के दूसरे दिन दोपहर बाद राकेश का शव अहिरौली गांव लाया गया। हरिकेश खरवार ने बताया कि घटना के बाद मां उषा देवी, पत्नी दीपा खरवार और परिजन रो-रोकर बेहाल हैं। पिता अशोक खरवार बाहर नौकरी करते हैं। खबर मिलने पर वह गांव के लिए रवाना हो गए। गांव के लोग परिजनों को सांत्वना देने में जुटे हुए थे।