रात में होने वाली कटौती से शहर के बाशिंदे आजिज आ गए हैं। बुधवार को शिक्षणेतर कर्मचारी परिषद के अध्यक्ष विवेक कुमार सिंह शम्मी के नेतृत्व में लोगों ने आमघाट सहकारी कॉलोनी स्थित अधिशासी अभियंता कार्यालय पर प्रदर्शन किया। ज्ञापन देने के दौरान एसडीओ से उनकी नोकझोंक भी हुई। लोगों ने आपूर्ति में सुधार नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी।
आंदोलनकारियों का कहना था कि नगर क्षेत्र में रात में दस से सुबह चार बजे तक कटौती की जा रही है। इससे नागरिकों को परेशानी हो रही है। भीषण गर्मी में लोग चैन से सो नहीं पा रहे हैं। शासन ने गाजीपुर नगर में 20 घंटा बिजली आपूर्ति का शेड्यूल जारी किया है, जिसकी खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। ज्ञापन में कहा गया है कि शहरी क्षेत्र में बेतहाशा बिजली कटौती तत्काल बंद की जाए। अन्यथा नगर के लोग चुप बैठने वाले नहीं हैं। आपूर्ति में सुधार न होने पर 20 अप्रैल से आंदोलन तेज किया जाएगा।
प्रदर्शन करने वालों में अजय राय दारा, अनिल सिंह, पूर्व प्रधान सोनू यादव, अभिनव राय, अभिनव सिंह, मुन्ना राय , बृजेश यादव, इमरान, छोटू, अनूप खरवार, मोहित श्रीवास्तव, देवांशु देव श्रीवास्तव, शंशाक पांडेय, इंदीवर वर्मा, कन्हैया रावत आदि मौजूद रहे।