लाइसेंस निरस्त होने के बाद पुलिस ने शुक्रवार की शाम पूर्व सांसद अफजाल अंसारी के आवास फाटक पर असलहों की बरामदगी के लिए दबिश दी। पूर्व सांसद की पत्नी से भी इस बारे में पूछताछ की। लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण बलवंत बड़ी संख्या में पुलिस कर्मियों के साथ अफजाल के आवास पहुंचे। उस समय मुहम्मदाबाद के विधायक सुहैब अंसारी मन्नू और पिता पूर्व विधायक सिबगतुल्लाह अंसारी मिले। पुलिस अधिकारियों ने अफजाल के उन तीन असलहों को जमा करने को कहा, जिनके लाइसेंस निरस्त कर दिए गए हैं। सिबगतुल्लाह अंसारी ने कहा कि असलहे जमा कर दिए गए हैं। लेकिन, उसकी रसीद के बारे में जानकारी नहीं है। अपर पुलिस अधीक्षक इससे संतुष्ट नहीं हुए और आवास की तलाशी ली। घर के अंदर पूर्व सांसद की पत्नी फरहत अंसारी मिली। सीओ और कोतवाल ने फरहत से असलहों के बारे में पूछा लेकिन उसने अनभिज्ञता जताई। तलाशी के बाद पुलिस दल चला गया। कोतवाली परिसर में अपर पुलिस अधीक्षक बलवंत ने बताया कि असलहों की बरामदगी के लिए अफजाल के आवास पर दबिश दी गई। अफजाल की पत्नी ने असलहों के बारे में अनभिज्ञता जताई है। अब पुलिस जेल में अफजाल अंसारी से असलहों के बारे में जानकारी लेकर जब्त करेगी। उधर, फाटक पर दबिश के दौरान बाहर बड़ी संख्या में लोग जुट गए थे। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक के अलावा क्षेत्राधिकारी हितेंद्र कृष्ण आदि रहे।