सपा के नगर पालिका परिषद गाजीपुर के प्रत्याशी दिनेश यादव, पदाधिकारी और कार्यकर्ता शहर कोतवाली परिसर के मुख्य गेट के सामने धरने पर बैठ गए। साथ ही पुलिस द्वारा उठाए गए बूथ एजेंटों, कार्यकर्ताओं और सभासद प्रत्याशी के रिहाई की मांग करने लगे। जानकारी पर सदर विधायक जैकिशन साहू सहित अन्य सपा के कार्यकर्ता तो वहां पहुंचे ही एडीएम एके सिंह और एसपी सिटी ज्ञानेंद्र भी कोतवाली पहुंचे। सपाजनों का आरोप था कि फर्जी मतदान की शिकायत पर कोतवाल ने कार्रवाई करने के बजाए कार्यकर्ताओं को ही हिरासत में ले लिया। आरोप लगाया कि पुलिस भाजपा के दबाव में समाजवादी पार्टी के प्रत्याशियों, बूथ एजेंटों कार्यकर्ताओं को जबरन उठा कर थाने में बैठा रही है। डा. समीर सिंह, लोहिया वाहिनी के पूर्व जिलाध्यक्ष दिनेश यादव और जमलापुर वार्ड के प्रत्याशी छन्नू यादव को लोटन इमली चौकी में बैठा दिया गया। इनकी रिहाई की मांग को लेकर नगरपालिका परिषद के अध्यक्ष पद के उम्मीदवार दिनेश यादव, जिला सचिव आमिर अली और जिला मीडिया प्रभारी अरुण कुमार श्रीवास्तव, सपा नेता तहसीन अहमद और कार्यकर्ता कोतवाली परिसर में धरने पर बैठ गए।