गाजीपुर। बृहस्पतिवार की सुबह एकाएक तेज बारिश के बाद हुई तेज धूप और उमस ने लोगों को पूरे दिन बेहाल कर दिया। इस बीच बिजली का भी आना-जाना लगा रहा। गर्मी व उमस के कारण लोगों का घरों में रहना मुश्किल हो गया था। ऐसे में अधिकतम तापमान 38 डिग्री तथा न्यूनतम 19 डिग्री सेल्सियस रहा। अन्य दिनों की अपेक्षा अधिक आद्रता और तापमान का अहसास हुआ। सुबह करीब साढ़े सात से आठ बजे के बीच एकाएक आसमान में बादल छा गए। बिजली की चमक और गरज के साथ बारिश होने लगी। इसके करीब आधे घंटे बाद तेज धूप निकल गई और उमस से लोग परेशान हो इधर-उधर भागने लगे। इस दौरान तेज धूप ने लोगों के पसीने छुड़ाने शुरू कर दिए। कुछ देर के लिए ठंडी हवा और बारिश से मिली राहत चंद मिनटों में गायब हो गई। बारिश लगातार होने के बाद ही मौसम ठंडा होगा। उधर तेज हवा के साथ हुई बारिश के बाद पटरी से उतरी बिजली व्यवस्था पूरी दिन छकाती रही। दोपहर बाद करीब चार घंटे तक शहर की बिजली गुल रहने से लोग परेशान हो विभाग को कोसते रहे। ग्रामीण क्षेत्रों में भी सही ढंग से आपूर्ति नहीं हो रही है। गांवों में शेडयूल के अनुसार बिजली न मिलने से उपभोक्ता परेशान हैं।