एसुहवल। रेलवे की महत्वपूर्ण परियोजना के तहत गंगा नदी पर बन रहे रेल कम रोड ब्रिज का काम शुक्रवार को फिर शुरू हो गया। गंगा नदी में बाढ़ आने के कारण जलस्तर काफी बढ़ गया था, जिससे करीब एक माह तक काम बंद रहा। इस निर्माण कार्य का जायजा लेने के लिए कार्यदायी संस्था के सीनियर प्रोजेक्ट मैनेजर सुनील कुमार ममगाई पहुंचे। निर्देशित किया कि कार्य तेज गति से हो ताकि निर्माण समय से पूरा हो सके।
श्री ममगाई ने कर्मचारियों को निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा को लेकर आवश्यक उपकरण हेलमेट, जूता, मोजा, सेफ्टी बेल्ट आदि पहनने को कहा। उन्होंने मौके पर उपलब्ध मेडिकल और उपचार के संसाधनों को भी देखा। निर्माण कार्य को देखकर संतोष जताया। स्ट्रक्चर के काम को लेकर कार्यों को और तीव्र गति से करने का निर्देश देते हुए कहा कि यह बहुत ही महत्वपूर्ण परियोजना है। इसकी निगरानी पीएमओ कार्यालय करता है। उम्मीद जताया कि स्टील स्ट्रक्चर का कार्य जून तक पूरा कर लिया जाएगा। इसी क्रम में साइट पर कांफ्रेंस हाल में बैठक कर निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान मोहम्मद अफरोज कापरा, सुनील कुमार सिंह, अशोक कुमार, शैलेंद्र सिंह, मयंक जैन, सोनू कुमार, दीपक कुमार आदि उपस्थित थे।