-अमृत भारत योजना के तहत हुआ है चयन, आकर्षक बनाया जाएगा स्टेशन भवन, यात्रियों को मिलेंगी आधुनिक कई सुविधाएं
फोटो
-बड़े शहरों के स्टेशनों की तरह दिखेगा गाजीपुर सिटी रेलवे स्टेशन, 14.81 करोड़ में होगा पुर्नविकास
-प्लेटफॉर्म का होगा उच्चीकरण, लाइटिंग, रेन डिस्प्ले बोर्ड, डिजिटल क्लॉक, नई पार्किंग का होगा निर्माण
अंकुर शुक्ला
वाराणसी। दिलदारनगर स्टेशन के बाद अब गाजीपुर सिटी रेलवे स्टेशन भी बड़े शहरों के रेलवे स्टेशन की तरह अत्याधुनिक होगा। इस स्टेशन को बड़े शहरों की तर्ज पर विकसित किया जाएगा। इसके लिए रेलवे ने 14.80 करोड़ का बजट तैयार किया है। इस बजट से स्टेशन का पुर्नविकास होगा, जिससे यहां यात्रियों को कई सुविधाएं मिलने लगेंगी।
गाजीपुर सिटी रेलवे स्टेशन से रोजाना 28 जोड़ी एक्सप्रेस और छह जोड़ी पैसेंजर ट्रेनें चलती हैं। यहां से छह जोड़ी एक्सप्रेस और 1 जोड़ी पैसेंजर गाड़ी जेनेरेट और टर्निमेट होती है। रोजाना यात्री संख्या की बात करें तो यहां से करीब 2398 जनरल टिकट निकलते हैं और 1052 रिजर्वेशन होते हैं।
स्टेशन पर रोजाना यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए रेलवे ने इस स्टेशन का चयन अमृत भारत योजना के अन्तर्गत किया है। स्टेशन का 14.81 करोड़ रुपये की लागत से पुनर्विकास कर अत्याधुनिक बनाया जाएगा। इसके लिए निविदाएं भी आमंत्रित की गई हैं । निविदाओं के निस्तारण के बाद कार्यों को पूर्ण गुणवत्ता के साथ लक्ष्यावधि मे पूरा करने की तैयारी है।
-
काम और उसके लिए तय बजट
-4.71 करोड़ से प्लेटफॉर्म का उच्चीकरण, सरफेस में सुधार, प्लेटफार्मों पर शेड एवं फाल्स सीलिंग का काम होगा।
-1.78 करोड़ से स्टेशन पर हाईमास्ट, एलटी पैनल, ट्रांसफार्मर, साइनेज,लाइटिंग एवं पंखे की व्यवस्था होगी।
-1.60 करोड़ से सर्कुलेटिंग एरिया, संपर्क मार्ग, पानी की निकासी के साथ पैदल आने जाने वाले यात्रियों के लिए पाॅथवे का निर्माण होगा।
-1.20 करोड़ से स्टेशन भवन को आकर्षक बनाया जाएगा और 1.50 करोड़ से सुंदरीकरण के कराए जाएंगे।
-92 लाख से ट्रेन डिस्प्ले बोर्ड, डिजिटल क्लॉक, ऑटो एनाउंसमेंट एवं अनारक्षित एवं आरक्षित टिकट काउंटरों में सुधार किया जाएगा।
-50 लाख से आगमन-प्रस्थान भवन तथा नई पार्किंग का निर्माण किया जाएगा।
-25 लाख की लागत से पोर्च का निर्माण कराया जाएगा।
-22 लाख से यात्री प्रतीक्षालय में सुधार कर आकर्षक एवं सुविधाजनक बनाया जाएगा।