-एक दिन पहले पिता के सामने छात्रा ने हमीद सेतु से लगा दी थी छलांग
संवाद न्यूज एजेंसी
रेवतीपुर। हमीद सेतु से गंगा नदी में कूदी छात्रा की तलाश दूसरे दिन भी जारी रही। शुक्रवार को वाराणसी की एसडीआरएफ ( राज्य आपदा मोचन दल) ने 25 किमी तक तीन चक्र में करीब नौ घंटे तक सर्च ऑपरेशन चलाया। लेकिन, कोई सफलता नहीं मिली।
जमानिया कोतवाली क्षेत्र के सब्बलपुर खुर्द गांव की शालू उपाध्याय (20) बीए तृतीय वर्ष की छात्रा थी। उसने बृहस्पतिवार की शाम को हमीद सेतु से पिता के सामने ही नदी में छलांग लगा दी थी। काफी खोजबीन की गई। इसी बीच शुक्रवार की सुबह दूसरे दिन नौ बजे से एसडीआरएफ के एसआई मोहम्मद हफीज खां के नेतृत्व में जवानों की टीम ने छात्रा की तलाश शुरू की।
नदी में करीब 25 किमी तक तीन चक्र में करीब नौ घंटे तक सर्च आपरेशन चलाया। लेकिन, गंगा में तेज बहाव के कामयाबी नहीं मिल सकी। वहीं, अपनी बेटी के मिलने आस में नदी किनारे टकटकी लगाए बैठे पिता संतोष उपाध्याय व अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।
लोगों के जेहन में यह सवाल कौंध रहा है आखिर छात्रा क्यों व किन परिस्थितियों में ऐसा आत्मघाती कदम उठाने को विवश हुई। इस संबंध में रजागंज चौकी इंचार्ज भूपेन्द्र कुमार निषाद ने बताया कि एसडीआरएफ की टीम छात्रा का पता लगाने जुटी है,मगर अभी तक उसका पता नहीं चल सका है।