सुहवल। हमीद सेतु की मरम्मत का काम फिर तेजी से शुरु हो गया। मरम्मत में प्रयुक्त होने वाला इक्सपांसन ज्वाईंटर नहीं होने के कारण करीब एक सप्ताह से काम रुका हुआ था। शुक्रवार की शाम को यह सामान कार्यदायी संस्था को उपलब्ध हो गया। काम शुरु हो जाने से लोगों को काफी राहत है।
पिछले सात जून को ज्वाईंटर की रोलर बेयरिंग खिसकने के चलते इसमें दरार पड़ गई थी जिसके बाद पुल से सभी तरह के भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबन्धित कर दिया गया था। अधिकतर लोग पैदल ही पुल पार करने को मजबूर है। मरम्मत में जुटे इंजीनियर के मुताबिक सब कुछ ठीक-ठाक रहा तो अगले शनिवार को स्पैन के लिफ्टिंग का काम शुरू हो सकता है। इक्सपांसन ज्वाईंटर लगाने की प्रक्रिया अभी फिलहाल तीन ज्वाईंटरों पर की जा रही है। इसके पूरा होने के बाद कांक्रिट डालने और फिर स्पैन को लिफ्ट कर पुराने रोलर बेयरिंग निकाल नया प्लेटनुमा बैयरिंग लगाई जायेगी। सेतु की मरम्मत के लिए 31 अगस्त तक का समय निर्धारित हैं। लोगों का कहना है कि अगर इसी तरह रुक रुक कर मरम्मत कार्य चलता रहा तो निर्धारित समय में पुल की मरम्मत का काम नहीं हो पाएगा। इंजीनियर पराग पटेल ने बताया कि मरम्मत में प्रयुक्त होने वाले कुछ समानों की कमी से बाधा आ रही है। मरम्मत कार्य तेजी से किया जा रहा है।