पीजी कालेज के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष पंकज उपाध्याय के नेतृत्व
में सुहवल के शिवाला चट्टी पर चल रहे अनशन के तीसरे दिन सोमवार को पूर्व छात्र
अध्यक्ष ने कहा कि जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी समस्याओं को लेकर उदासीन हैं।
उन्होंने
कहा कि क्षेत्र के साथ हो रहे सौतेले व्यवहार के चलते सड़कें जर्जर हो
चुकी हैं।
जर्जर सड़कों की मरम्मत के लिए क्षेत्रीय जनता ने कई बार आंदोलन
किया। लेकिन आंदोलन समाप्त कराने के लिए जिला प्रशासन की ओर से लोगों को
हमेशा कोरा आश्वासन दिया गया। बावजूद इसके सड़कों की मरम्मत नहीं कराई गई।
इसे किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इसी तरह बीते वर्ष में वीर
अब्दुल हमीद गंगा सेतु पर प्रकाश की व्यवस्था करने की मांग को लेकर सरजू
पांडेय पार्क में धरना-प्रदर्शन का आयोजन किया गया था। उस समय भी जिला
प्रशासन ने कोरा आश्वासन देकर धरने को किसी तरह समाप्त कराया था। कई माह
बीत जाने के बाद भी पुल पर प्रकाश की व्यवस्था जिला प्रशासन की ओर से नहीं
कराई गई।
उन्होंने कहा जिला प्रशासन धरना प्रदर्शन समाप्त कराने के लिए
जबरदस्ती करता है तो उन्हें इसके गंभीर परिणाम भुगतने पड़ेंगे। पूर्व
अध्यक्ष के गिरते स्वास्थ्य को देखते हुए जिलाधिकारी के निर्देश पर मुख्य
चिकित्साधिकारी ने रेवतीपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी मनीष कुमार
एवं जमानिया स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी रतनेश कुमार को स्वास्थ्य परीक्षण के
लिए भेजा। चिकित्सकों ने उनके स्वास्थ्य की जांच की।
इस सबंध में डा. मनीष
कुमार ने बताया कि अगर एक-दो दिन तक स्थिति यही बनी रही तो इनकी हालत खराब
हो सकती है। इस मौके पर अशोक यादव, भरत पासवान, शिवम पांडेय, रामअशीष
यादव, रोशन राय, गुलाब, रतन गुप्ता, धर्मेन्द्र सिंह आदि मौजूद थे।