गाजीपुर। अपर मंडल रेल प्रबंधक (इंफ्रा) अजय सिंह ने बुधवार को जनपद के दो रेलवे स्टेशनों का निरीक्षण किया। इस दौरान अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत सिटी रेलवे स्टेशन पर चल रहे विकास व सुंदरीकरण के विभिन्न कार्यों को निर्धारित समयावधि में गुणवत्तापूर्ण तरीके से करने का निर्देश दिए। उन्होंने स्टेशन पैनल, प्लेटफाॅर्म, सरकुलेटिंग एरिया तथा साफ-सफाई का निरीक्षण किया। अपर मंडल रेल प्रबंधक(इंफ्रा) अजय सिंह ने सिटी रेलवे स्टेशन पर चल रहे विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में किसी प्रकार की कोई शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही मानक व गुणवत्ता से भी कोई समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। संरक्षा से जुड़े रेल कर्मचारियों के काउंसलिंग की जानकारी प्राप्त की। इसके पूर्व उन्होंने तराव रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। निरीक्षण के क्रम में स्टेशन पैनल रूम, सरकुलेटिंग एरिया, प्वाइंट क्रॉसिंग का जायजा लिया। उन्होंने रेलवे स्टेशन की स्वच्छता के साथ-साथ केंद्रीकृत स्टेशन पैनल, काउंटर, रिले रूम, संरक्षा उपकरणों को देखा। इसके अलावा स्टेशन अभिलेखों जैसे विफलता रजिस्टर, अनुरक्षण रजिस्टर, रिले रूम चाबी हस्तांतरण रजिस्टर, पॉइंट्स एंड क्राॅसिंग रजिस्टर, स्टेशन वर्किंग रूल इत्यादि की जांच की। इसके साथ ही उन्होंने प्लेटफार्म सहित अन्य यात्री सुविधाओं का निरीक्षण किया।