कासिमाबाद। धान खरीद में अगर किसी किसान को परेशान किया गया तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। यह बातें बलिया के सांसद एवं किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह मस्त ने शनिवार को ब्लॉक के सभागार में कासिमाबाद, मुहम्मदाबाद, सेवराई तहसील के किसानों, धान क्रय केंद्र प्रभारियों, उपजिलाधिकारी आदि अधिकारियों के साथ बैठक में कही।
सांसद ने कहा कि सबसे ज्यादा शिकायत धान क्रय केंद्र के प्रभारियों की आ रही है। कोई प्रभारी यह नहीं कहेगा कि धान मोटा है, पतला है या उसमें नमी है। अगर इसमें कोई हीलाहवाली की तो उसके खिलाफ मैं करवाई कराऊंगा। बताया कि किसान खेत में कितनी मेहनत कर अपनी फसल को उगाता है इसको मैं किसान हूं जानता हूं। इस बीच कई किसानों ने अपनी-अपनी तहसीलों में नए केंद्र सुविधानुसार खोलने की मांग की। सबसे ज्यादा करइल क्षेत्र के किसानों ने धान क्रय केंद्रों के प्रभारियों की शिकायत की तथा उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी कासिमाबाद भारत भार्गव, जिला विपणन अधिकारी, सभी धान क्रय केंद्र प्रभारी, भाजपा के मंडल अध्यक्ष संतोष गुप्ता, धर्मेंद्रनाथ राय, मंडल अध्यक्ष मरदह शशिकांत सिंह, जितेंद्रनाथ पांडेय, नरेंद्रनाथ सिंह, अखिलेश राय, रामभवन सिंह, लल्लन चौहान, अनुज अकेला, नीरज पांडेय, नंदा राजभर, शिवप्रताप सिंह, श्यामराज तिवारी आदि उपस्थित थे।