आइजीआरएस की कार्रवाई पर लेखपालों पर गिरी गाज
सैदपुर में ज्वाॅइंट मजिस्ट्रेट रामेश्वर सुधाकर सब्बनवाड ने लापरवाह कर्मचारियों पर कार्रवाई शुरू कर दी है। आइजीआरएस (एकीकृत शिकायत निवारण प्रणाली) की कार्रवाई में लापरवाही पर चार लेखपालों को निलंबित कर दिया। वहीं एक लेखपाल का वेतन रोक दिया है। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट की कार्रवाई से कर्मचारियों में खलबली मची हुई है।
तहसील सभागार में बीते 28 जून की शाम हुई साप्ताहिक बैठक में आइजीआरएस निस्तारण व वरासत की कार्रवाई की रिपोर्ट कमियां मिली। इसके बाद ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने तत्काल कार्रवाई की। उन्होंने आइजीआरएस निस्तारण में लापरवाही बरतने वाले लेखपाल मनोज कुमार, अमन कुमार, सुनील यादव व किरन देवी को निलंबित कर दिया। वहीं लेखपाल विजय यादव का वेतन रोक दिया है।
ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रामेश्वर सुधाकर सब्बनवाड ने बताया कि शासन के नीति नियमों के अनुरूप सभी लोग कार्य करें। आइजीआरएस निस्तारण शासन की प्राथमिकता है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं की जाएगी। तहसीलदार हिमांशु सिंह ने बताया कि आगे और भी विभागीय जांच चल रही है।