गाजीपुर। जिला पंचायती राज कार्यालय हमेशा सुर्खियों में रहता है। वर्तमान समय में सफाई कर्मियों के एसीपी (वेतन प्रोन्नति) और स्थानांतरण की पत्रावली गायब होने का मामला चर्चा का विषय बना है। अप्रैल महीने में तत्कालीन डीपीआरओ ने एसीपी लगाने की स्वीकृति दी थी। पटल सहायक को दो बार नोटिस जारी कर पत्रावली उपलब्ध कराने का निर्देश दिया था, लेकिन अब तक पत्रावली नहीं मिली है। तत्कालीन जिला पंचायत राज अधिकारी निलेंद्र सिंह ने आठ अगस्त को पत्र जारी कर पटल सहायक से एसीपी और सफाई कर्मियों के स्थानांतरण की पत्रावली मांगी थी। बावजूद इसे उपलब्ध नहीं कराया गया। 12 अगस्त पुन: पत्र जारी कर 11 अगस्त तक फाइलों को उपलब्ध कराने के लिए कहा गया लेकिन पत्रावली उपलब्ध नहीं कराई गई। उन्होंने पत्र द्वारा कहा कि सफाई कर्मियों के एसीपी एवं स्थानांतरण की पत्रावली प्रस्तुत करें, जिससे विभिन्न शिकायतों का निस्तारण तत्काल कराया जा सके। साथ ही उन्होंने पत्रावली प्रस्तुत करने के लिए 18 अगस्त का समय दिया था। यह भी चेताया था कि अगर पत्रावली उपलब्ध नहीं कराई जाती है तो इसकी जानकारी उच्चाधिकारियों को देते हुए विधिक कार्रवाई के लिए विवश होना पड़ेगा। डीपीआरओ रमेशचंद्र उपाध्याय ने बताया कि सफाई कर्मियों के एसीपी और स्थानांतरण संबंधित पत्रावली पटल सहायक से तत्कालीन डीपीआरओ ने पत्र जारी कर मांगा था। बावजूद अब तक पटल सहायक द्वारा पत्रावली उपलब्ध नहीं कराई गई है। पटल सहायक द्वारा जानकारी दी गई है कि वह सड़क दुर्घटना में घायल हो गए हैं, ऐसे में उनके कार्यालय आने के बाद ही आगे की कार्रवाई होगी।