अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से कराई जा रही अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति
परीक्षा गरीब छात्रों को उच्च शिक्षा दिलाने की दिशा में सराहनीय कदम है।
लक्ष्य सिविल इंजीनियर बनना है, जिसके लिए यह छात्रवृत्ति मायने रखती है।
यह बातें आदर्श जनता उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जंगीपुर में हाईस्कूल के
छात्र रहे अमित यादव ने छात्रवृत्ति का 6500 रुपये का चेक प्राप्त करने के
बाद कहीं।
नसीरपुर रुद्दीपुर निवासी सुभाष सिंह यादव के पुत्र अमित यादव
जनता उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जंगीपुर में कक्षा नौ में पढ़ते हुए अतुल
माहेश्वरी छात्रवृत्ति परीक्षा 2014-15 में उत्तीर्ण की थी। इन दिनों अमित
नवोदय विद्यालय के छात्र हैं।
विद्यालय के प्रधानाचार्य श्यामलाल और नगर
पंचायत जंगीपुर के अध्यक्ष सत्यनारायण गुप्ता ने बुधवार को अमर उजाला
फाउंडेशन की ओर से जारी अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति का 6500 रुपये का चेक
अमित को प्रदान किया। चेक पाने पर खुशी जताते हुए अमित ने कहा कि
छात्रवृत्ति पाने से उसकी पढ़ाई की राह आसान हो गई है।
छात्रवृत्ति की पहली
किस्त से उसने कोर्स की किताबें खरीदी थीं। उसे इस बात की खुशी है कि वह
अपनी मेहनत से मिली छात्रवृत्ति से पढ़ाई कर पिता को राहत पहुंचाई है। पिता
सुभाष सिंह यादव ने बताया कि पुत्र अमित को छात्रवृत्ति मिलने से परिवार
के सभी सदस्य खुश हैं।
जनता उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के प्रधानाचार्य
श्यामलाल ने कहा कि अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति परीक्षा से छात्रों का
मनोबल बढ़ा है। अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से गरीब प्रतिभाशाली छात्रों के
लिए कराई जा रही छात्रवृत्ति परीक्षा से होनहार छात्र लाभान्वित हो रहे
हैं।
नगर पंचायत जंगीपुर के अध्यक्ष सत्यनारायण गुप्ता ने अमर उजाला
फाउंडेशन की ओर से प्रतिभाशाली छात्रों के ळिए छात्रवृत्ति परीक्षा आयोजित
कराया जाना और छात्रवृत्ति देने काफी सराहनीय है।
इस मौके पर शिक्षक
कन्हैयालाल, पारसनाथ राय, उमाशंकर सिंह यादव, राजेंद्र, सुरेशचंद्र पांडेय,
मानकेश्वर पांडेय, चंद्रिका राय, चैतन्य चौहान, कु. जागृति, रामवृक्ष राम
समेत बड़ी संख्या में छात्र रहे।