दिलदारनगर/कठवामोड़। थाना क्षेत्र के दिलदारनगर-अमौरा-देवल मार्ग पर बुधवार की दोपहर उसिया गांव के पास तेज रफ्तार स्कार्पियो सड़क किनारे दस फिट गड्ढे में पलट गई। इस दुर्घटना पति-पत्नी, बच्चे सहित छह लोग घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल बालक को जिला अस्पताल लाया गया। उधर नोनहरा थाना क्षेत्र के कठवामोड़ पुलिया पर सुबह गिट्टी लदा एक ट्रक पलट गया। चालक-खलासी बाल-बाल बच गए।
धनाढ़ी गांव निवासी रामदुलार अपनी स्कार्पियो से पत्नी और बच्चों संग दिलदारनगर बाजार खरीदारी के लिए गए थे। खरीदारी कर वह गांव लौट रहे थे। इसी दौरान दिलदारनगर-अमौरा-देवल मार्ग पर उसिया गांव के सामने दिन में करीब 12 बजे तेज रफ्तार वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे दस फिट गड्ढे में पलट गई। इससे वाहन में सवार बच्चे और महिला चीख-पुकार करने लगे। आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे। लोगों ने वाहन का शीशा तोड़कर एक-एक कर चालक रामदुलार उसके पुत्र धनंजय (8), मृत्युंजय (12) कुसुम देवी (30), हिमांशु (10) एव आयूष (8) को बाहर निकाला। इसके बाद सभी नगर स्थित एक निजी अस्पताल में ले गए। दुर्घटना की सूचना मिलते ही घायलों के परिवार के लोग भी अस्पताल पहुंच गए। गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद धनंजय को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। उधर नोनहरा थाना क्षेत्र के कठवामोड़ पुलिया पर बुधवार की सुबह गिट्टी लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। संयोग ही रहा कि चालक और खलासी बाल-बाल बच गए।