मरदह। थाना क्षेत्र के तांती गांव में सोमवार को आटा चक्की चलाते समय पट्टे की चपेट में आने से विवाहिता की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद परिजन बिलखते रहे। गांव निवासी सोनू गुप्ता की आटा चक्की है। प्रतिदिन की तरह चक्की पर गेहूं की पिसाई कर रहा था। इसी दौरान उसे कहीं जाने की जरूरत हुई तो वह अपनी पत्नी बिंदु गुप्ता (27) को देखभाल करने की बात कहकर घर से बाहर चला गया। इसी दौरान बिंदु की साड़ी चक्की के पट्टे में फंस गई। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गई। चीख पुकार सुनकर परिजनों के साथ ही आसपास के लोग मौके पर दौड़ पड़े और बिजली बंद कर उसकी साड़ी पट्टे से निकाली और उसे लेकर उपचार के लिए निजी चिकित्सक के पास पहुंचे। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इधर घटना के बाद से पुत्र शिवा एवं पुत्री के बिलखने से मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो उठीं। पास पड़ोस की महिलाओं ने बच्चों को संभाला और उन्हें सांत्वना दी।