सेवराई। गहमर कोतवाली क्षेत्र के मनिया गांव के सिवान में बुधवार की दोपहर अज्ञात कारणों से आग लग गई। इससे करीब 20 से 25 बीघे खेतों में पककर तैयार खड़ी गेहूं की फसल, सैकड़ों गेहूं के बोझ और पराली जलकर नष्ट हो गई। घंटों कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। वहीं सूचना के बाद भी मौके पर फायर ब्रिगेड टीम के न पहुंचने पर लोगों में आक्रोश व्याप्त है।
मनिया गांव के सिवान में किसानों के 20 से 25 बीघे की खड़ी गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। तेज हवा के चलते आग ने इतना विकराल रूप धारण कर लिया कि अरहर की फसल भी जलकर राख हो गई। ग्रामीण खरपतवार और लाठी डंडे से पीट-पीटकर घंटों कड़ी मशक्कत के बाद किसी तरह आग पर काबू पाए। किसानों ने बताया कि घटना की सूचना लेखपाल और तहसील अधिकारियों को दी गई है, लेकिन अभी तक मौके पर कोई नहीं पहुंचा है। आरोप लगाया कि सेवराई तहसील में फायर ब्रिगेड न होने के चलते आग बुझाने में काफी जद्दोजहद करनी पड़ी। अगर तहसील में यह सुविधा होती तो इस घटना को बढ़ने से रोका जा सकता था। सेवराई एसडीएम संजय यादव ने बताया कि मामला संज्ञान में हैं, क्षति का आंकलन कर पीड़ित किसानों को उचित मुआवजा दिलाया जाएगा।