हादसे के बाद बाइक लेकर फरार हुआ चालक
परिजनों के रोने- बिलखने से मची चीख पुकार
संवाद न्यूज एजेंसी
गाजीपुर। शहर कोतवाली क्षेत्र के अर्बन बैंक स्थित एक स्टोर के पास बुधवार को तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से स्कूटी सवार की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक बाइक लेकर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इधर परिजनों के रोने- बिलखने से चीख- पुकार मची हुई थी।
लंका नौकापुरा निवासी शिवम गुप्ता (25) सुबह स्कूटी से परीक्षा देने पीजी काॅलेज जा रहे थे। वह बीए का छात्र था। युवक जैसे ही स्कूटी से कुछ दूरी पर पहुंचा कि सामने से तेज गति आ रही बाइक ने टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी सवार सड़क पर गिर पड़ा और बाइक ने उसे कुचल दिया। दुर्घटना के बाद घटना स्थल पर भीड़ लग गई।
आस-पास के लोगों की सूचना पर परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर जा रहे थे कि रास्ते में ही मौत हो गई। वहीं हादसे के बाद बाइक सवार मौके से फरार हो गया। पुत्र का शव देख पिता श्याम मोहन गुप्ता और परिजन धाड़े मारकर रोने- बिलखने लगे। आस- पास के लोग परिवार के सदस्यों को शांत कराने में जुटे रहे।
इस संबंध में कोतवाल तेज बहादुर सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतक के पिता श्याम मोहन गुप्ता की तहरीर पर अज्ञात बाइक सवार के खिलाफ मुकदमा दर्जकर लिया गया है। साथ ही चिह्नित करने का प्रयास किया जा रहा है, जल्द ही आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।