गहमर कोतवाली क्षेत्र के ताड़ीघाट-बारा मुख्य मार्ग पर गहमर और बारा के बीच स्थित होटल के पास रविवार की रात एक बजे बाइक से अपने दो दोस्तों के साथ जा रहे बिहार के चौबिहार, चौसा निवासी युवक की हत्या कर दी गई। आरोप है कि गांव के ही तीन नामजद और कुछ अज्ञात युवकों ने मिलकर वारदात को अंजाम दिया। आरोपियों ने सिर पर रॉड से वार कर किया।
चौसा बिहार निवासी देव कसेरा (25) अपने दोस्त रोहित मिश्र और मोती प्रकाश के साथ मां कामाख्या धाम में निशा आरती में शामिल हुआ था। आरती के बाद तीनों बाइक से रात में एक बजे के आसपास घर लौट रहे थे। बारा स्थित होटल के समीप पीछे से दो बाइक पर छह लोग रुकवाने के लिए लोहे की रोड से प्रहार किए।
बताया जा रहा है कि देव, मोती प्रकाश और रोहित बुलेट से गिर गए थे। मोती प्रकाश और रोहित मिश्रा वहां से जान बचाकर भाग गए। वहीं, हमलावरों ने देव को रॉड से मारपीट पीटा। इस दौरान एक वार सिर पर भी हुआ, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। सूचना पर पहुंची पुलिस घायल देव कसेरा को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भदौरा ले गई। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
प्रभारी निरीक्षक गहमर अशेषनाथ सिंह ने बताया कि मामले में मृतक के गांव निवासी हिमांशु, उसके दोस्त सीनू, कीनू और अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। सभी आरोपी बिहार के निवासी हैं। मामले की जांच की जा रही है। घटना का कारण पुरानी रंजिश बताया जा रहा है।