मुहम्मदाबाद। थाना क्षेत्र के बच्छलकापुरा रामपुर पीपापुल पर बुधवार को असंतुलित होकर बाइक पलट गई। वहीं चालक गंगा में गिर गया। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने बाइक को कब्जे में लेने के साथ नंबर के आधार पर बाइक सवार की शिनाख्त करने के साथ घटना की जानकारी परिजनों को दी। युवक मुर्की अगाध ससुराल जा रहा था। फिलहाल पुलिस स्थानीय गोताखोरों की मदद से तलाश में जुटी हुई है।
बच्छलकापुरा-रामपुर पीपापुल से गंगा पार कर बच्छलकापुरा की तरफ आ रहे बाइक सवार की बाइक पीपापुल के मध्य असंतुलित होकर पलट गई। इधर युवक गंगा नदी में चला गया। दोपहर और धूप के चलते उस समय पुल पर कोई भी व्यक्ति मौजूद नहीं था। जब कुछ देर बाद राहगीर उधर से जा रहे थे तो पुल पर स्टार्ट हालत में पड़ी बाइक देखकर दुर्घटनाग्रस्त होने की आशंका जताई। एक नाविक ने भी किसी के पानी में गिरने की पुष्टी की। पुलिस ने बाइक के नंबर के आधार पर पानी में डूबे युवक की पहचान बृज बिहारी सिंह यादव (30) निवासी जमानिया कोतवाली क्षेत्र के महुआरी के रूप में की। उसकी ससुराल मुर्की अगाध गांव में है। युवक गांव से ससुराल जा रहा था। पुलिस स्थानीय गोताखोरों से डूबे युवक की तलाश करने में जुटी हुई है, लेकिन अब तक पुलिस की सूचना पर युवक के घर एवं ससुराल के लोग भी गंगा घाट पर पहुंच गए हैं। इस संबंध में कोतवाल पवन उपाध्याय ने बताया कि युवक की तलाश चल रही है।