गाजीपुर। जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में मंगलवार की रात चोरों ने तीर्थ यात्रा पर गए एक दंपति के घर का ताला तोड़कर 40 हजार नगदी और दस लाख के आभूषण, बाजार में खड़ी ट्रैक्टर की बैटरी, साइकिल और प्राथमिक विद्यालय से सामान पर हाथ साफ कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी।
करंडा : रामपुरमाझा थाना क्षेत्र के बासुचक में रिटायर फौजी श्याम बिहारी सिंह ताला बंदकर एक सप्ताह पूर्व पत्नी के साथ तीर्थ यात्रा पर गए थे। मंगलवार की रात जब घर पहुंचे तो घर के अंदर की आलमारी और बक्से खुले पड़े थे। कमरे में चारों तरफ सामान बिखरा पड़ा था। उन्होंने जब गहने और नगदी की तलाश की तो सब गायब था। पीड़ित ने बताया कि 40 हजार नगदी और 10 लाख के आभूषण चोरों ने उड़ा दिए। इस संबंध में थानाध्यक्ष जितेंद्र कुमार ने बताया कि चोरी की शिकायत मिली है, जांच की जा रही है। दुल्लहपुर : स्थानीय बाजार में खड़ी राजकुमार विश्वकर्मा के ट्रैक्टर का केबल काटकर बैटरी को चोरों ने उड़ा दिया। इसके बाद कुछ ही दूरी पर राहुल विश्वकर्मा के फर्नीचर की दुकान से लकड़ी काटने वाली कटर मशीन और नापतोल का इलेक्ट्रॉनिक कांटा लेकर चंपत हो गए। सुलतानीपुर गांव निवासी रामवृक्ष यादव साइकिल खड़ा कर चाय पी रहे थे। तभी चोरों ने साइकिल उड़ा दिया। भुड़कुड़ा सीओ बलराम ने बताया कि चोरी के घटना की सूचना नहीं है, तहरीर मिलने पर कार्रवाई हो गई। देवकली : नंदगंज थाना क्षेत्र के नसीरपुर माऊपारा गांव में स्थित प्राथमिक विद्यालय का मंगलवार की रात ताला तोड़कर चोरो ने चावल और अन्य सामान पर हाथ साफ कर दिया। विद्यालय के प्रधानाध्यापिका सुमन कुशवाहा ने बताया चोरी की सूचना विभागीय अधिकारियों को दे दी गई है।