गंगौली। अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नोनहरा पुलिस ने चोरी के एक मामले में वांछित युवक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मामले में एक बाल अपचारी को भी अभिरक्षा में लिया है। दोनों के कब्जे से चोरी के गहने बरामद किए गए हैं। थानाध्यक्ष विवेक कुमार तिवारी ने बताया कि थाना क्षेत्र में दर्ज मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने ग्राम पारा निवासी रेहान कुरैशी (20) को गिरफ्तार किया। साथ ही मामले में शामिल एक बाल अपचारी को भी पकड़ा है। बरामदगी के आधार पर प्राथमिकी में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी की गई है। दोनों को उनके अपराध से अवगत कराते हुए आवश्यक विधिक कार्रवाई की गई। थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जबकि बाल अपचारी के संबंध में किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी है।