दुबिहां। करीमुद्दीनपुर थाना क्षेत्र के असवार बेलहपुर गांव के सामने मंगलवार को नहाते समय टौंस नदी में डूबे शेषनाथ राजभर (20) का शव बुधवार को मिला। तब जाकर युवक के डूबकर मौत की जानकारी परिजनों को हुई। वह पूजा करने के लिए देवी स्थान पर गया था। थानाध्यक्ष रमेशचंद्र पटेल ने बताया कि असवार बेलहपुर गांव निवासी रामलाल राजभर ने बताया कि उसका पुत्र शेषनाथ राजभर बीते 20 जनवरी की दोपहर करीब 12 बजे देवी स्थान पर पूजा करने गया था। पूजा से पूर्व वह गांव के सामने टौंस नदी में नहाने लगा।
इस दौरान गहरे पाने में जाने से डूब गया था, लेकिन पता नहीं चल सका। देर शाम घर नहीं आया तो परिवार के लोग पुत्र की तलाश में जुटे हुए थे। बावजूद कुछ पता नहीं चल सका था। सुबह ग्रामीणों ने बताया कि लखुवा घाट पर पुत्र का शव उतराया हुआ है। परिजन घाट पर पहुंचे रोने- बिलखने लगे। गांव के लोग परिजनों को सांत्वना देने में जुटे रहे। इधर, ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। गांव के लोगों की मदद से शव को पानी से बाहर निकलवाकर पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। थानाध्यक्ष रमेशचंद्र पटेल ने बताया कि मृतक के पिता की तहरीर पर प्राथमिकी दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। साथ ही शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।