नगवां गांव में हिमांशु कुमार की रोती बिलखती मां लूटनी देवी और बहन किरण देवी व करिश्मा को संभालत
कासिमाबाद। परजीपाह गांव के पास रविवार की रात ट्रैक्टर और चारा मशीन पलटने से हिमांशु कुमार (21) की मौत हो गई। साथी अनुराग गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों पशुओं के लिए चारा काटकर लौट रहे थे। घायल का उपचार मेडिकल कॉलेज अस्पताल में चल रहा है। कोतवाल नंदकुमार तिवारी ने बताया कि नगवां गांव निवासी सूरज राम ने सोमवार की सुबह तहरीर देकर जानकारी दी कि भाई हिमांशु कुमार गांव के ही साथी अनुराग के साथ चारा काटकर ट्रैक्टर और चारा मशीन के साथ घर आ रहा था। परजीपाह गांव के पास अचानक ट्रैक्टर और चारा मशीन अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में भाई हिमांशु कुमार और अनुराग उसमें दबकर गंभीर रूप से घायल हो गए। पलटने की आवाज सुनकर आसपास के लोग घटना स्थल पर पहुंच गए और दोनों को किसी तरह से बाहर निकाला। ग्रामीणों ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया। वहां इलाज के दौरान हिमांशु कुमार की मौत हो गई। घायल अनुराग को डॉक्टरों ने मेडिकल कॉलेज अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। मृतक दो भाई, दो बहन था। पिता रामचंद्र राम पुणे में रहकर नौकरी करते हैं। हिमांशु की मौत की जानकारी मिलते ही मां लुटनी देवी, बहन किरण देवी और करिश्मा का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीण परिजनों को सांत्वना देने में जुटे रहे। कोतवाल ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की तहरीर विधिक कार्रवाई होगी।