जमानिया। कोतवाली क्षेत्र के जमानिया रेलवे क्रासिंग के पास बृहस्पतिवार की देर शाम तेज रफ्तार वाहन के टक्कर से युवक की मौत हो गई। मृतक के भाई ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ तहरीर दी है। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर भाग गया।
कोतवाली क्षेत्र के बुढ़ाडीह निवासी चंदन कुमार पासी (22) एक ढाबे पर कार्य करता था। वह प्रतिदिन की तरह ढाबे पर कार्य करने के लिए जा रहा था। रेलवे क्राॅसिंग से 100 मीटर पहले तेज रफ्तार अज्ञात वाहन चालक ने उसे धक्का मार दिया। धक्के से मौके पर ही युवक की मौत हो गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे परिजन बिलखने लगे। वहीं पुलिस भी मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। चंदन के बड़े भाई रंजन कुमार पासी ने इस प्रकरण में अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी। मृतक सबसे छोटा पुत्र था। घर की आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर मामले की जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं ताकि टक्कर मारने वाले वाहन की पहचान की जा सके।