सुहवल (गाजीपुर)। स्थानीय थाना क्षेत्र के मलसा गांव में चावल के मामूली विवाद में महिला की हत्या में शामिल एक महिला आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। घटना के 24 घंटे बीतने के बाद अब भी हत्याकांड में शामिल चार आरोपी फरार हैं। सुहवल के प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र सिंह ने बताया कि उपनिरीक्षक राजेश गिरी ने मुखबिर से मिली सूचना पर मलसा तिराहा से हत्याकांड में शामिल कौशल्या देवी को गिरफ्तार कर चालान कर दिया। वहीं हत्याकांड में शामिल चार आरोपी 24 घंटे से ज्यादा समय बीतने के बाद भी पुलिस की गिरफ्त से दूर हैं।
मलसा गांव में पांच किलो चावल को लेकर कौशल्या देवी तथा उसके चार साथियों ने अपने पट्टीदार लालचंद्र बिंद तथा उसकी बहनों पुतुल देवी तथा मुन्नी देवी पर हमला कर घायल कर दिया था जहां इलाज के दौरान पुतुल देवी की मौत हो गई थी। घायल लालचंद्र की तहरीर पर पुलिस ने पांच लोगों के विरुद्ध केस दर्ज किया था। उधर हत्या में शामिल कौशल्य देवी को पुलिस ने पूछताछ तथा मेडिकल के बाद सक्षम कोर्ट में पेश किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए कोर्ट ने 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में जिला कारागार भेज दिया।